झारखण्ड : सीएम के पहल से लाखों छूटे जरूरतमंदों को मिलेगा सर्वजन पेंशन योजना का लाभ

झारखण्ड देश का पहला राज्य जहां सर्वाधिक जरुरतमंदों को सर्वजन पेंशन योजना से मिल रही आर्थिक मदद. सीएम के निर्देश पर शुरू हुआ विशेष अभियान. 15 लाख से अधिक नए लाभुकों को मिलेगी पेंशन. प्रत्येक सुयोग्य को लाभ देने का लक्ष्य.

रांची : मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सर्वजन पेंशन योजना के अधीन राज्य के सभी योग्य लाभूकों को विशेष अभियान के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से आच्छादित करने की योजना पर आठ जून से कार्य शुरू हो चुका है. मुख्यमंत्री ने इसका शुभारंभ गुमला से किया है. ज्ञात हो, सर्वजन पेंशन योजना नवंबर 2021 में पात्रता का सरलीकरण कर लागू की गई थी. ताकि सभी योग्य व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जोड़ा जा सके.

सरकार को इसका प्रतिफल प्राप्त हुआ. सर्वजन पेंशन योजना लागू होने से पहले राज्य योजनान्तर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं में लाभुकों की कुल संख्या 9,78,730 थी. योजना लागू होने के बाद लाभुकों की कुल संख्या 13,76,225 हो गई. कुल 3,97,495 नये लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ मिला है. राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक सुयोग्य लाभुक को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ देने का लक्ष्य तय किया है. 

हेमन्त सरकार में 15 लाख से अधिक नए लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य

मतदाता सूची में अंकित उम्र के आधार पर 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले मतदाताओं की संख्या एवं वृद्धा पेंशन प्राप्त कर रहे लाभुकों की जिलावार संख्या की समीक्षा करने पर सरकार ने अनुमान लगाया है कि 15,03,486 लोग सर्वजन पेंशन योजना से आच्छादित नहीं पाए गए. 

इनमें बोकारो के 12527, चतरा के 20093, देवघर के 46868, धनबाद के 142045, दुमका के 37034, गढ़वा के 5660, गिरिडीह के 11666, गोड्डा के 55496, गुमला के 48628, हजारीबाग के 106363, जामताड़ा के 9776, खूंटी के 30689, कोडरमा के 24640, लातेहार के 24858, लोहरदगा के 7653, पलामू के 46610, पूर्वी सिंहभूम के 154414, रामगढ़ के 44476, रांची के 230098, साहेबगंज के 56274, सरायकेला – खरसावां के 36521, सिमडेगा के 32881 एवं पश्चिमी सिंहभूम के 65408 व्यक्ति शामिल हैं। 

मुख्यमंत्री के आदेश पर विशेष अभियान शुरू

सर्वजन पेंशन योजना से सभी सुयोग्य व्यक्तियों को चिह्नित कर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जोड़ने का कार्य शुरू हो चुका है. इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं शहरी क्षेत्रों में अंचल अधिकारी द्वारा प्रखंड में प्रत्येक मतदान केंद्र के स्तर पर दल का गठन किया जा रहा है. इस दल के सदस्यों को मतदाता केंद्रों की सूची एवं विनिन्न योजनाओं के लिए लाभुकों की पात्रता से संबंधित विवरणी और पर्याप्त संख्या में प्रपत्र उपलब्ध कराया जा रहा है.

बी एल ओ, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका का दल घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित योग्य लाभुकों का विवरण अंकित कर आवश्यक कागजात प्राप्त करते हुए भौतिक सत्यापन करेंगे. साथ ही किसी योग्य लाभुक के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं होने की स्थिति में लाभुक से आवेदन प्राप्त करते हुए विशेष अभियान के रूप में संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे.

संपादकीय: यह विश्लेषण स्वतंत्र तथ्यों पर आधारित है।

अपनी राय व्यक्त करें

Your email address will not be published. Required fields are marked *